Monday, November 2, 2026
Home » ₹1 में वेब सीरीज देखने का लालच, लिंक खोलते ही खाते से कट गए ₹10,000

₹1 में वेब सीरीज देखने का लालच, लिंक खोलते ही खाते से कट गए ₹10,000

by Anuradha Pandey

इंदौर में रहने वाले एमबीए स्टूडेंट अनिकेत (काल्पनिक नाम) मोबाइल चला रहे थे. तभी सोशल मीडिया पर उन्हें एक नई वेब सीरीज का विज्ञापन दिखाई दिया. विज्ञापन में वेब सीरीज का छोटा-सा ट्रेलर भी था. नीचे लिखा था कि पूरी वेब सीरीज देखने के लिए सिर्फ ₹1 का पेमेंट करना होगा. अनिकेत को लगा कि ₹1 में पूरी वेब सीरीज मिल रही है, तो इसमें नुकसान ही क्या है. उन्होंने विज्ञापन में दिए लिंक पर क्लिक कर दिया. लिंक खुलते ही एक पेज सामने आया. यह पेज देखने में बिल्कुल असली वेबसाइट जैसा लग रहा था.

अनिकेत ने ₹1 का पेमेंट करने के लिए अपनी यूपीआई यानी यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस से जुड़ी जानकारी भरी. जैसे ही उन्होंने यूपीआई पिन डाला, उनके बैंक अकाउंट से ₹10,000 कट गए. एक रुपये में वेब सीरीज देखने का ऑफर दरअसल साइबर ठगों का बिछाया हुआ जाल था.

ऐसा ही मामला अनिवार्या शर्मा के साथ हुआ. सोशल मीडिया पर उन्हें भी ₹1 में वेब सीरीज देखने का ऑफर मिला. उन्होंने लिंक पर क्लिक करके अपनी बैंकिंग जानकारी भर दी. कुछ देर बाद उनके खाते से ₹10,000 निकल गए. दोनों ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई.

साइबर ठगी करने वाले सोशल मीडिया वेबसाइट, मैसेंजर और दूसरे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर नई फिल्म या वेब सीरीज के फर्जी विज्ञापन चला रहे हैं. इनमें पूरी फिल्म या फुल एपिसोड देखने का लालच दिया जाता है. विज्ञापन पर क्लिक करते ही असली जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट खुलती है.

इसके बाद यूजर से ₹1 या ₹5 का छोटा पेमेंट करने को कहा जाता है. पेमेंट के बहाने कार्ड, यूपीआई और बैंकिंग से जुड़ी जानकारी मांगी जाती है. जैसे ही व्यक्ति अपनी डिटेल भरता है, जानकारी साइबर अपराधियों के पास पहुंच जाती है. इसके बाद वे बैंक अकाउंट से पैसे निकाल लेते हैं.

इंदौर में एक महीने के दौरान इस तरह की ठगी की 72 शिकायतें सामने आई हैं.

साइबर एक्सपर्ट रोहित सोनी के मुताबिक, किसी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए. ऐसे विज्ञापनों पर भरोसा करने से पहले उनकी सच्चाई जरूर जांचें. कार्ड नंबर, सीवीवी, ओटीपी और यूपीआई पिन किसी के साथ शेयर न करें.

याद रखिए. पैसे प्राप्त करने के लिए यूपीआई पिन डालने की जरूरत नहीं होती. साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें. साथ ही बैंक और साइबर थाने को जानकारी दें और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं.

साइबर थाना की अपील. सिर्फ ₹1 का लालच आपके बैंक अकाउंट पर भारी पड़ सकता है. सतर्क रहें. सुरक्षित रहें.

You may also like

CyberThana – Cybercrime News & Hacking Exposés
CyberThana uncovers cybercrime, hacking gangs & digital threats. Stay updated on dark web activities, ransomware, and cybersecurity news. #CyberCrime